मासूम से निर्भया जैसी हैवानियत करने वाला आरोपी गिरफ्तार

      दिल्ली के पश्चिम विहार में इलाके में 12 साल की मासूम के साथ दंरिदगी के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी और गिरफ्तारी के बारे में अभी पुलिस ने विस्तृत जानकारी नहीं दी है। मंगलवार (4 अगस्त) को हुई घटना में मासूम के साथ निर्भया जैसी हैवानियत की गई थी। फिलहाल बच्ची का एम्स में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, अगले 48 घंटे उसके लिए काफी अहम हैं।



     इससे पहले गुरुवार दिन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पीड़ित मासूम से मिलने एम्स में पहुंचे थे। इस दौरान केजरीवाल ने बच्ची का इलाज कर रहे डॉक्टरों और परिवार के लोगों से भी बात की। एम्स में 12 वर्षीय रेप पीड़िता के माता-पिता से मिलने के बाद केजरीवाल ने कहा कि बच्ची ही हालत गंभीर है, उसे अंदर तक चोटें आई हैं। बच्ची बेहोशी की हालत में हैं, उसकी सर्जरी की गई है। डॉक्टरों ने बताया है कि बच्ची के लिए अगले 48 घंटे अहम हैं। हम पीड़ित परिवार को दिल्ली सरकार की तरफ से 10 लाख रुपए का मुआवजा देंगे।