लोगों ने घरों में हर्षोल्लास व उत्साह से मनाई जन्माष्टमी

     जन्माष्टमी का पर्व लोग घरों में ही रहकर हर्षोल्लास, उत्साह और धूमधाम से मना रहे हैं। कोरोना वायरस महामारी के चलते सभी प्रमुख मंदिरों के बंद होने के कारण जहां लोगों में मायूसी है वहीं शहर के कुछ मंदिर प्रशासन की ओर से डिजिटल दर्शन के लिये विशेष व्यवस्था की गई है। जयपुर के आराध्यदेव गोविंद देव जी के मंदिर में जन्माष्टमी के पर्व पर प्रशासन की ओर से मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है।



     अर्धरात्रि को विधिवत पूजा और मंत्रोच्चार के साथ भगवान कृष्ण का अभिषेक करवाया जायेगा। आमजन का मंदिर में प्रवेश बंद होने के कारण लोगों ने आनलाइन गोविंद देव जी के दर्शन करके विशेष झांकियों का आनंद उठाया। शहर के मानसरोवर, जगतपुरा स्थित इस्कान मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिरों में अर्धरात्रि को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विधिवत मनाया जायेगा। 


     कोरोना वायरस संक्रमण महामारी के चलते देश विदेश में विख्यात रींगस स्थित खाटू श्याम का मंदिर बंद है। कल रात से मंदिर के आसपास के बाजारों में भी शून्य यातायात घोषित कर दिया गया। खाटूश्याम जी थाने की थानाधिकारी पूजा पूनियां ने बताया कि कल रात मंदिर के आसपास से आठ लोगों के संक्रमित पाये जाने के बाद आसपास के बाजारों में भी श्रृद्धालुओं के प्रवेश पर आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया गया है।