भूमि पूजन के बाद राम मंदिर निर्माण देखने की इच्छा संजोए अयोध्या आने वाले दर्शनार्थी जरूर बढ़ गए हैं लेकिन अभी उन्हें निराशा ही हाथ लगेगी। राम मंदिर निर्माण का मास्टर प्लान बनने के बाद पहले नक्शा स्वीकृत कराया जाएगा। इसके बाद ही एलएंडटी कंपनी राम मंदिर निर्माण के लिए 200 फीट गहराई में नींव की खुदाई शुरू करेगी। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, महासचिव चम्पत राय और अन्य सभी ट्रस्टी अब मंदिर निर्माण के मास्टर प्लान को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। ले-आउट तैयार होने के बाद नक्शा स्वीकृत कराने की प्रक्रिया शुरू होगी। इन सब कामों में अभी कुछ समय लगेगा। इसके बाद ही मंदिर निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।
अयोध्या में भूमि पूजन के बाद राम मंदिर का निर्माण देखने की ललक संजोए भक्तों की भीड़ देश भर से यहां पहुंचने लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वापसी के बाद बुधवार से ही बड़ी संख्या में दर्शनार्थी रामलला के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। भीड़ बढ़ती देख जिला प्रशासन ने गुरुवार को दर्शन की अवधि दो घंटे बढ़ा दी।
भूमि पूजन के बाद श्रीराम की नगरी अयोध्या गुरुवार को नींद से जागी तो आंखों में नई चमक थी। मठ-मंदिरों के साथ घरों में राम मंदिर निर्माण शुरू होने का उल्लास छाया रहा। सबसे ज्यादा उत्सवी परिवेश राम जन्मभूमि के आसपास दिखा। भूमि पूजन की अगली सुबह स्थानीय नागरिकों के साथ देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु राम जन्मभूमि पहुंचने लगे। सुबह की पाली में सात बजे से पहले ही राम जन्मभूमि के बाहर दर्शन मार्ग पर कतार लग गई। सुबह की पाली में 11 बजे तक दर्शनार्थियों के आने का सिलसिला जारी रहा। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक के लिए राम जन्मभूमि में प्रवेश को रोका गया। फिर भी दो बजे से शुरू होने वाली दूसरी पाली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार डटी रही। कतार में खड़े श्रद्धालुओं के चेहरे पर भूमि पूजन की खुशी साफ झलक रही थी।