कई लोग हिरासत में - पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भाजपा द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता 'डेंगू फ्री कोलकाता' को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। भाजपा कार्यकर्ता कोलकाता नगर निगम (केएमसी) कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे हैं। (Photo - भाजपा कार्यकर्ता और पुलिस)
इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हो गई। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और कई भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक मोर्चाबंदी की गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरू में अधिकारियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को शांत कराने की कोशिश की और उन्हें वापस जाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पानी की बोतलें और पत्थर फेंके। पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि झड़प के दौरान कई भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। हिरासत में ली गईं भाजपा कार्यकर्ता रिमझिम मित्रा ने कहा कि हमारे पास विरोध प्रदर्शन की अनुमति थी और हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। तभी पुरुष पुलिसकर्मी आए और महिलाओं के साथ बदसलूकी करने लगे।