नई दिल्ली. महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों के नतीजों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट करके हरियाणा और महाराष्ट्र के लोगों को भाजपा का साथ देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, 'आशीर्वाद देने के लिए मैं हरियाणा के लोगों का धन्यवाद करता हूं। हम राज्य की प्रगति के लिए समान उत्साह और समर्पण के साथ काम करना जारी रखेंगे। मैं हरियाणा के भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करता हूं, जिन्होंने हमारे विकास के एजेंडे को विस्तार से लोगों तक पहुंचाया।
(Photo - Modi & Shah at BJP Head quater)
पीएम मोदी बोले, महाराष्ट्र और हरियाणा की जनता ने भाजपा के प्रति जो विश्वास जताया है मैं उसका अभिनंदन करता हूं।भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र में एनडीए को पूर्ण बहुमत मिला है, जबकि हरियाणा में हम सबसे बड़ा पार्टी बनकर उभरे हैं। हमने केंद्र में बीते पांच महीने में इतना काम किया है जितना सरकारें पांच साल में करती हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि सबसे पहले मैं महाराष्ट्र और हरियाणा की जनता का धन्यवाद करूंगा जिसने हमारा साथ दिया। महराष्ट्र में एकबार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।
इधर महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए डाले गए मतों की गिनती जारी है। महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना गठबंधन फिर से सत्ता में लौटने की ओर है, जबकि हरियाणा में भाजपा या कांग्रेस दोनों में से किसी को साफ बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है। अभी तक के रूझानों के मुताबिक, महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटों में से एनडीए 159 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 104 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा को साल 2014 में 122 जबकि शिवसेना को 63, कांग्रेस को 42 और राकांपा को 41 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, हरियाणा में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत मिलता नहीं दिखाई दे रहा है। भाजपा 38 सीटों पर आगे है जबकि कांग्रेस 33 पर बढ़त बनाए हुए है। माना जा रहा है कि किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में दुष्यंत चौटाला सरकार बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उनकी जननायक जनता पार्टी को सम्मानजनक सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। दुष्यंत चौटाला ने भाजपा के 'अभियान 75' पर चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा 75 सीटें जीतने के अपने लक्ष्य से काफी पीछे रह जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि अगली सरकार बनने में जेजेपी अहम भूमिका निभाएगी।